जन-जन के भाग्यविधाता थे : आचार्य श्री तुलसी

रचनाएं

मुनि कमल कुमार

जन-जन के भाग्यविधाता थे : आचार्य श्री तुलसी

आचार्य श्री तुलसी एक दूरदर्शी, महान चिंतक व साधना के शिखर पुरुष थे! बाल्यावस्था में ही वे तेजस्वी, यशस्वी व अनुशासित थे। इसी कारण मात्र 11 वर्ष की अवस्था में तेरापंथ धर्म संघ के अष्टम आचार्य परम पूज्य कालुगणी के कर-कमलों से दीक्षित होकर अध्ययन की गहराई में उतरे। उसी का सुपरिणाम था कि 16 वर्ष की अल्पायु में आप एक कुशल शिक्षक बन गए। आपके द्वारा दर्शाए पथ पर चलने वाले अनेक संत विद्वान बने, जिनके द्वारा लिखित साहित्य पढ़कर लोग बाग-बाग हो जाते हैं।
इससे बढ़कर भी बता सकते हैं कि आप तो मात्र 22 वर्ष की अवस्था में आचार्य बने और आपके कठोर अनुशासन में रहने वाले मुनि नथमलजी आपके कुशल उत्तराधिकारी बने, जिन्हें लोग विवेकानंद समझते थे। मुनि नथमलजी का साहित्य व वक्तव्य सुनकर दिग्गज लोग भी सहज नतमस्तक हो जाते हैं। तेरापंथ धर्म संघ में आप नवमाचार्य थे। आपने अपने दीर्घ चिंतन और साधना से धर्म संघ को नए-नए आयामों से सजा दिया। आज जो इस संघ का इतना वर्चस्व बढ़ा है, जैन-अजैन सबके लिए आकर्षण का केंद्र बना है, यह सब गुरुदेव श्री तुलसी की दूरदर्शिता का ही परिणाम है।
A. साहित्य सृजन और धर्म संघ का अभूतपूर्व विकास :
जिस धर्म संघ में साध्वियों का साहित्य देखने में नहीं आता था, उस धर्म संघ में साध्वियाँ और श्रमणणियाँ ही नहीं, आज तो श्राविकाएँ भी साहित्याकार, लेखक व वक्ता बनी हैं।
1. आगमों का प्रकाशन : आठ आचार्यों तक किसी तरह का साहित्य प्रकाशित नहीं हुआ था, आज धर्म संघ में आगम भी प्रकाशित हो चुके हैं।
2. विशाल साहित्य संपदा : अणुव्रत साहित्य, प्रेक्षाध्यान, जीवन विज्ञान, इतिहास साहित्य के साथ तत्वज्ञान गद्य-पद्य में प्रचुर साहित्य प्रकाशित हुआ है।
3. आस्था का परिवर्तन : युगानुकूल भाषा में प्रकाशित होने के कारण यह साहित्य जन-आस्था को बढ़ाने वाला साबित हुआ है। कई लोग अकारण ही द्वेष भावना से भरे हुए थे, परंतु ज्यों-ज्यों उन्होंने साहित्य पढ़ा, उनकी आस्था बदल गई और द्वेष भावना भक्ति भावना में परिणत हो गई।
B. कुरीतियों का उन्मूलन और समाज का कायाकल्प :
आचार्य श्री तुलसी एक क्रांतिकारी आचार्य थे, जिन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने में जो श्रम किया, उससे समाज स्वस्थ, मस्त व विश्वस्त बना है।
1. कुप्रथाओं का परिहार : छुआछूत, दहेज प्रथा ही नहीं, बालविवाह व मृत्युभोज का जिस प्रकार परिहार हुआ है, उससे लगता है कि समाज का सारा कायाकल्प हो गया है।
2. संगठनात्मक सशक्तिकरण : समय-समय पर कई संगठन बनाए, जिससे समाज के प्रत्येक व्यक्ति का उत्थान हुआ—कन्यामंडल, किशोर मंडल, ज्ञानशाला, युवक परिषद, महिला मंडल, अणुव्रत समिति, समन श्रेणी, उपासक, ज्ञानशाला की प्रशिक्षिकाएँ, प्रेक्षाध्यान के प्रशिक्षक-प्रशिक्षिकाएँ, जैन संस्कार विधि आदि इस प्रकार के संगठन बनाकर समाज को सक्षम बना दिया।
3. दूरदर्शी नेतृत्व और आचार्य पद का ऐतिहासिक विसर्जन :
आचार्य श्री तुलसी प्रथम आचार्य कहे जा सकते हैं, जिनका शासनकाल तेरापंथ में सब आचार्यों से अधिक रहा। गुरुदेव ने देश-प्रदेश की यात्राएँ कर श्रावक-श्राविकाओं को संस्कारवान बनाया। जीवन के नवें दशक तक आप धर्मसंघ के विकास के लिए तत्पर रहते थे।
हमें प्रसन्नता है कि हमें एक ऊर्जावान, ज्ञानवान व समय की नब्ज को पहचानने वाले आचार्य मिले, जिन्होंने द्रव्य, क्षेत्र, काल व भाव को समझकर मूल की पूर्ण सुरक्षा करके नए-नए प्रयोगों से धर्मसंघ को गति प्रदान की है। इसे युग ही नहीं, शताब्दियों तक विस्मृत नहीं किया जा सकता है।
पद का विसर्जन : आचार्य पद का विसर्जन पद-लिप्सित युग के लिए एक अनोखी प्रेरणा है।
योग्य उत्तराधिकारी : आचार्य श्री महाश्रमण जी भी उनकी गहरी सूझबूझ से ही हमें प्राप्त हुए हैं। हम आचार्य श्री की दृष्टि का पालन कर अपने आपको धन्य बना सकते हैं।