
कषाय विजय कार्यशाला तथा श्रावक सम्मेलन का आयोजन
राजलदेसर
साध्वी डॉ0 परमयशा जी के सान्निध्य में तेरापंथ भवन में नव वर्ष 2022 का कार्यक्रम एवं कषाय विजय कार्यशाला तथा श्रावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। अभातेममं द्वारा निर्देशित राजलदेसर तेरापंथ महिला मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में साध्वी डॉ0 परमयशा जी ने नमस्कार महामंत्र का संगान कर सर्वप्रथम हाजिरी का वाचन किया। तत्पश्चात महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। साध्वीश्री जी ने अपना उद्बोधन दिया। साध्वीश्रीजी ने कहा कि हमारी अशांति का मूल कारण क्रोध है। क्रोध क्यों आता है? क्रोध से क्या नुकसान हो सकते हैं? क्रोध पर विजय कैसे प्राप्त कर सकते हैं, आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए क्रोध के कारण और निवारण के अनेक उपाय बताए। कार्यक्रम में साध्वी धर्मयशाजी ने नव वर्ष के उपलक्ष्य में कविता के माध्यम से अपने भावों की अभिव्यक्ति दी। साध्वी विनम्रयशा जी ने उपस्थित जनमेदिनी को नए-नए संकल्प ग्रहण करने की प्रेरणा दी। साध्वी मुक्ताप्रभाजी ने कविता के माध्यम से नववर्ष पर सबको अपनी मंगलभावनाएँ प्रेषित की। साध्वी कुमुदप्रभा जी ने हैप्पी न्यू ईयर-2022 पर बेस्ट विशेज का हैप्पी मैसेज इंग्लिश स्पीच से देकर सबको हैप्पी रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिला मंडल द्वारा कषाय विजय कार्यशाला ‘क्रोध को करें गेट आउट’ की प्रस्तुति दी। ज्ञानशाला के बच्चों द्वारा ज्ञानवर्धक रोचक कार्यक्रम के माध्यम से न्यू ईयर की शुभकामनाएँ दी गई। इस अवसर पर साध्वी परिवार द्वारा मधुर लहरी के साथ गीत का संगान किया गया।
तेरापंथी सभा के अध्यक्ष नवरत्नमल बैद ‘मूथा’ द्वारा सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गई एवं श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया गया। महिला मंडल ने मंगलभावना गीत के माध्यम से मंगलकामनाएँ की।
इस अवसर पर गरीब अनाथ बच्चों को भोजन एवं स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया।