मंगलभावना समारोह के आयोजन

संस्थाएं

मंगलभावना समारोह के आयोजन

चेन्नई
तेरापंथ सभा के तत्त्वावधान में साध्वी डॉ0 मंगलप्रज्ञा जी का मंगलभावना समारोह मनाया गया। साध्वीश्री जी ने कहा कि भावनाओं का अमृत कल्याणकारी होता है। सभी के जीवन में धर्म का मंगलभाव बना रहे। अहिंसा, संयम, तप रूपी आनंद की मंगलमय धारा हर जीवन में प्रवाहित होती रहे। गुरु की कृपा और गुरु पावर हाउस से हर कार्य मंगलकारी होते हैं। साध्वीश्री जी ने कहा कि तेरापंथ सभा के पूर्व अध्यक्ष प्यारेलाल पितलिया और वर्तमान में अध्यक्ष उगमराज सांड एवं सभी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य पूर्ण समर्पित दायित्व एवं इंगित आराधना के प्रति सगज हैं।
साध्वीश्री जी ने कहा कि यह तेरापंथ भवन भी तीन गुरुओं के चरण स्पर्श पाकर धन्य बना हुआ है। इसकी गरिमा सदैव बनी रहे। सभी क्षेत्रों के लोगों ने चातुर्मास का अच्छा लाभ उठाया। आज यहाँ से गुरुनिर्देशानुसार सानंद चातुर्मास संपन्न कर हम प्रस्थित हो रहे हैं। संपूर्ण श्रावक समाज ने आध्यात्मिक मंगलकामना, शुभकामना की सौगात हमें दी है। हम चाहते हैं अध्यात्म साधना की गंगा में सभी अभिस्नात होते रहें। ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप की तेजस्विता से भावित होकर आगे बढ़ते रहें।
साध्वी सुदर्शनप्रभा जी, साध्वी सिद्धियशा जी, साध्वी डॉ0 राजुलप्रभा जी, साध्वी चैतन्यप्रभा जी, साध्वी शौर्यप्रभा जी ने ‘अच्छा! तो हम चलते हैं’ कार्यक्रम प्रस्तुत किया। महिला मंडल के मंगल संगान से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मंगलभावना समारोह में अनेक पदाधिकारीगण एवं सदस्यों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। ज्ञानशाला प्रशिक्षिकाओं ने लघु नाटिका के द्वारा भाव व्यक्त किए। कन्या मंडल ने ‘नासा सेंटर’ कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रवीण बैदमूथा एवं जय तुलसी संगीत मंडल की ओर से हेमंत डूंगरवाल ने भाव रखे।
कार्यक्रम का संचालन तेरापंथ सभा के संगठन मंत्री अलंकार आच्छा ने किया।