
कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन
माधावरम्, चेन्नई।
श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ माधावरम् ट्रस्ट बोर्ड, चेन्नई द्वारा मुनि सुधाकर कुमार जी के सान्निध्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुनि सुधाकर कुमार जी ने कहा कि हर सामाजिक संस्था की रीढ़ होते हैं कार्यकर्ता। वे जहाँ अपने समय, श्रम का नियोजन करते हैं, वहीं कार्य संपादन में निस्वार्थ भाव से जुड़ जाते हैं। उसे अपना मूल समझते हैं, तभी कार्यक्रम भी सफलता के सौपान को प्राप्त करते हैं। मुनिश्री ने कहा कि कार्यकर्ता चीनी की तरह होने चाहिए। मुनिश्री ने चीनी की विशेषता बताते हुए कहा कि चीनी उज्ज्वलता लिए होती है, उसी तरह कार्यकर्ता भी उज्ज्वल रहे, अपने जीवन में दाग, धब्बे लगें ऐसा कोई कार्य नहीं करें। मुनिश्री ने कहा कि तिनका-तिनका मिलकर झाड़ू, मोती-मोती मिलकर मोतियों का हार, ईंट-ईंट मिलकर दीवार बन जाती है। उसी तरह हर एक कार्यकर्ता मिलकर ही स्वस्थ समाज बना सकते हैं। ट्रस्ट बोर्ड की ओर से इस पूरे चातुर्मास काल में विशेष सेवा देने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण सुराणा ने किया।