संत मिलन का अद्भुत नजारा

संस्थाएं

संत मिलन का अद्भुत नजारा

बेलपाडा।
टिटलागढ़ का चातुर्मास संपन्न कर मुनि रमेश कुमार जी, कांटाबाजी चातुर्मास संपन्न कर मुनि प्रशांत कुमार जी का अद्भुत आध्यात्मिक मिलन बेलपाडा की धरा पर हुआ। मुनि रमेश कुमार जी ने कहा कि दो संतों का मिलन सदैव सुखदायी होता है। संतों के पास जाएँ तो माया अभिमान को छोड़कर जाएँ। त्यागी, तपस्वी संतों के पास जाने से पहले अपने कषायों को छोड़कर जाएँ तो जीवन में आनंद आता है। संत की शिक्षा जीवंत सीख है। जीवन का कल्याण करने के लिए संत चातुर्मास करते हैं। आत्मकल्याण के साथ पर-कल्याण करना उनका उद्देश्य होता है।
मुनि प्रशांत कुमार जी सक्षम संत हैं, धर्मसंघ के प्रभावशाली संत हैं, जैसा नाम वैसा गुण है। मुनि कुमुद कुमार जी कर्मठ संत हैं। मुनि कुमुद कुमार जी जैसे सहवर्ती संतों का साथ अग्रणी का सौभाग्य है। मुनिगण ने कांटाबाजी को सजाया-सँवारा, सिंचन दिया है। ये उर्वरा क्षेत्र है। टिटलागढ़ का चातुर्मास संपूर्ण समाज के सहयोग की निष्पत्ति है। पश्चिम उड़ीसा श्रद्धा, भक्ति, सेवा, समर्पण का क्षेत्र है।
मुनि प्रशांत कुमार जी ने कहा कि आचार्यप्रवर की छत्रछाया हमारे जीवन को सरसब्ज बना देती है। संतों का जब मिलन होता है तो संत भीतर से मिलन करते हैं, मन से मिलते हैं। यह मिलन आपके लिए प्रेरणादायी बने। सभी अपने परिवार में प्रेम, सौहार्द से रहें, भीतर से आनंदमय रहें। अध्यात्म हमें भीतर की खुशी देता है। मुनि रमेश कुमार जी, मुनि रत्न कुमार जी दोनों संत परिश्रमी, लंबी यात्रा करने वाले साधक हैं। दोनों ने श्रावक समाज को जागृत किया है। आपका उपकार टिटलागढ़वासी कभी भूल नहीं पाएँगे।
मुनि कुमुद कुमार जी ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि ऐसा मर्यादित, अनुशासित, संगठित धर्मसंघ मिला। जिस संघ में रहकर आत्मिक आराधना, साधना कर रहे हैं। साधु-साध्वी की प्रमोद भावना एक-दूसरे के प्रति सौहार्द भाव अनुकरणीय है। मुनि रत्न कुमार जी ने कहा कि टिटलागढ़ में नित नए कार्यक्रम चले। संतों के मिलन से हर्ष होता है। टिटलागढ़ का श्रावक समुदाय ने मुनिश्री की इंगित आराधना की है। सभा, तेयुप, महिला मंडल, किशोर मंडल ने चातुर्मास को सफल बनाने में योगदान दिया।
मीडिया प्रभारी अविनाश जैन ने कांटाबाजी एवं टिटलागढ़ के चातुर्मास संपन्नता की पूरी जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ बेलपाडा महिला मंडल के मंगलाचरण से हुआ। शंकर जैन ने स्वागत वक्तव्य, सभा अध्यक्ष पृथ्वीराज जैन, कांटाबाजी सभा अध्यक्ष युवराज जैन, कन्या मंडल बेलपाडा, महासभा आंचलिक प्रभारी छत्रपाल जैन आदि अनेक पदाधिकारीगण ने अपने विचार व्यक्त किए। बेलपाडा ज्ञानशाला ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। कांटाबाजी तेयुप अध्यक्ष अंकित जैन के जैन संस्कारक बनने पर तेरापंथ सभा, तेयुप एवं शाखा प्रभारी गौतम जैन ने साहित्य, मोमेंटो एवं अंग वस्त्र से सम्मानित किया। आभार ज्ञापन गौतम जैन ने किया। कार्यक्रम का संचालन विकास जैन ने किया।