दृढ़ संकल्प वाला व्यक्ति हमेशा सफल होता है

संस्थाएं

दृढ़ संकल्प वाला व्यक्ति हमेशा सफल होता है

बालोतरा।
अभातेममं के निर्देशानुसार तेममं के तत्त्वावधान में ‘द पाॅवर आॅफ रिसाॅल्यूशन’ कार्यशाला का आयोजन शासनश्री साध्वी कुंथुश्री जी व साध्वी रतिप्रभा जी के सान्निध्य में किया गया। महिला मंडल मंत्री संगीता बोथरा ने बताया कि सर्वप्रथम नमस्कार महामंत्र का संगान किया गया। इसके बाद महिला मंडल की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत का संगान किया गया। महिला मंडल अध्यक्षा निर्मला देवी संकलेचा ने स्वागत भाषण दिया। शासनश्री साध्वी कुंथुश्री जी ने कहा कि सबसे विशिष्ट संकल्प की शक्ति होती है, जिसने संकल्प कर लिया वह व्यक्ति क्या नहीं कर सकता। भगवान महावीर ने संकल्प लिया था कि जब तक केवल ज्ञान प्राप्त नहीं होगा तब तक साधना करता रहूँगा। इसी तरह गौतम बुद्ध ने भी संकल्प लिया जब तक बोधि प्राप्त नहीं होती तब तक वृक्ष के नीचे साधना करता रहूँगा। आचार्य भिक्षु भी संकल्प के धनी थे। साध्वीश्री जी ने अनेक उदाहरणों के माध्यम से संकल्प के बारे में विस्तार से समझाया।
इस अवसर पर परामर्शक लुणी देवी गोलेछा, पीपी देवी ओस्तवाल, अभातेममं सदस्य व मारवाड़ क्षेत्र प्रभारी सारिका बागरेचा, कोषाध्यक्ष उर्मिला सालेचा, सहमंत्री रेखा बालड़, प्रचार-प्रसार मंत्री पुष्पा सालेचा, निवर्तमान अध्यक्षा अयोध्या देवी ओस्तवाल, पूर्व परामर्शक कमलादेवी ओस्तवाल, पूर्व अध्यक्षा सहित लगभग 100 बहनें उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन व आभार ज्ञापन मंत्री संगीता बोथरा ने किया।