
भगवान महावीर जन्म कल्याणक के विविध आयोजन
भट्टू मंडी
शासनश्री साध्वी सुमनश्री जी के सान्निध्य में भगवान महावीर का जन्म कल्याणक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ महिला मंडल, भट्टू के द्वारा हुआ। 14 सपनों को दिखाते हुए छोटे-छोटे बच्चों द्वारा कव्वाली, सांस्कृतिक प्रस्तुति से पूरी धर्मसभा ओम अर्हम ध्वनि से गूँज उठी। साध्वीश्री जी ने कहा कि भगवान महावीर के उपदेशों में परिवार से लेकर राष्ट्र, अंतर्राष्ट्रीय समस्याओं का समाधान है। उनके मात्र तीन सूत्र अहिंसा, अनेकांत, अपरिग्रह को समझकर हम अपनी जीवनशैली में उतारें। उन्होंने यह भी कहा कि आज समाज में आग्रह, दुराग्रह और विग्रह की समस्याएँ आती हैं, उनको हम अनेकांत सूत्र से सुलझाएँ।
साध्वी सुरेखा जी ने समता धर्म के महत्त्व पर अपने विचार रखे। साध्वी मधुरलता जी ने गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ साध्वी शालीनप्रभा जी ने भगवान महावीर पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। सभा अध्यक्ष सोहनलाल गर्ग व महिला मंडल अध्यक्षा शिल्पी बंसल ने सभी आगंतुक जन का स्वागत किया। सिरसा, आदमपुर व नहराणा सभाओं से व स्थानीय श्रावक समाज की उपस्थिति सराहनीय रही। स्थानीय मदर टेरेसा काॅन्वेंट स्कूल के बच्चों सहित श्रावक जन द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। सभी ने साध्वीवृंद के प्रति आभार ज्ञापित किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन महासभा कार्यसमिति सदस्य डाॅ0 विजय बंसल द्वारा किया गया।