भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव

संस्थाएं

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव

उधना।
मुनि उदित कुमार जी स्वामी के सान्निध्य में तेरापंथ भवन में सकल जैन समाज उधना द्वारा महावीर जयंती का आयोजन किया गया। अहिंसा के अग्रदूत भगवान महावीर का 2622वाँ जन्म कल्याणक दिवस के अवसर पर उधना में जैनों के चारों फिरकों द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें चारों फिरकों द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें चारों संप्रदाय श्वेतांबर, मूर्तिपूजक, दिगंबर, तेरापंथी तथा स्थानकवासी समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने विशाल संख्या में भाग लिया। रैली महावीर भवन, उधना से शुरू होकर आचार्य तुलसी मार्ग, आचार्य तुलसी सर्कल, उधना मैन रोड, चंदनवन सोसाइटी होते हुए तेरापंथ भवन, उधना में पूर्ण होकर धर्मसभा के रूप में परिवर्तित हुई।
इस अवसर पर मुनि उदित कुमार जी ने कहा कि भगवान महावीर ने सभी को अहिंसा का उपदेश दिया। भगवान महावीर ने कहा कि कोई ऊँचा नहीं होता, कोई नीचा नहीं होता। सभी जीव एक समान होते हैं, इसलिए हमें सभी से समान व्यवहार करना चाहिए। भगवान महावीर ने हमें कर्मवाद का सिद्धांत दिया। मनुष्य जैसा कर्म करता है उसे वैसा ही फल भोगना पड़ता है। इसलिए हमें किसी का अहित नहीं करना चाहिए। मुनि अनंत कुमार जी ने कहा कि भगवान महावीर अमृत पुरुष थे। भगवान महावीर को जब तक केवल ज्ञान नहीं प्राप्त हुआ, तब तक उन्होंने कोई उपदेश नहीं दिया। भगवान महावीर ने कहा कि ज्ञान के बिना कोई क्रिया मत करो। दूसरों के दोष देखने से पहले हमे स्वयं आत्मदर्शन-आत्म निरीक्षण करना चाहिए। मुनि रम्य कुमार जी ने गीतिका की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मुनिश्री द्वारा नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के साथ हुई। तत्पश्चात उधना महिला मंडल, स्थानकवासी महिला मंडल और तेरापंथ भजन मंडली द्वारा गीतों की प्रस्तुति दी गई। ज्ञानशाला के बच्चों द्वारा नाटिका की प्रस्तुति दी गई। सभा अध्यक्ष बसंतीलाल नाहर ने स्वागत वक्तव्य में आए हुए सभी मेहमानों का स्वागत किया। स्थानकवासी संप्रदाय से मंत्री राजूभाई दानी ने भी अपने भावों की प्रस्तुति दी। रैली में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, उधना के पदाधिकारियों, चंदनबाला महिला मंडल, नवयुवक मंडल, तेरापंथ समाज की सभी संस्थाओं के श्रावक-श्राविकाओं एवं कार्यकर्ताओं की विशाल उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उधना क्षेत्र के विधायक मनुभाई पटेल, विशिष्ट अतिथि-सूरत महानगर पालिका के स्टैंडिंग कमिटी चेयरमैन परेश भाई पटेल, स्लम डवलपमेंट कमिटी के चेयरमैन दिनेश राजपुरोहित, पीएसी रेलवे कमिटी मेंबर छोटू भाई पाटिल, नगरसेवक दीनानाथ महाजन, नगर सेविका उर्मिला त्रिपाठी, पूर्व नगरसेवक प्रकाश भाई देसाई, मूलजीभाई ठक्कर, शैलेंद्र त्रिपाठी आदि उपस्थिति रहे। कार्यक्रम का संचालन सभा मंत्री सुरेश चपलोत ने किया। अंत में आभार ज्ञापन संजय बोथरा ने किया।