मुनि महेंद्र कुमार जी की स्मृति सभा के आयोजन

संस्थाएं

मुनि महेंद्र कुमार जी की स्मृति सभा के आयोजन

पूर्वांचल-कोलकाता
तेरापंथ धर्मसंघ की बहुश्रुत परिषद के संयोजक, आगम मनीषी प्रो0 मुनि महेंद्र कुमार जी की पुण्य स्मृति सभा का आयोजन मुनि जिनेश कुमार जी के सान्निध्य में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा द्वारा तुलसी धाम स्थित तोदी भवन में किया गया। इस अवसर पर मुनि जिनेश कुमार जी ने कहा कि प्रो0 मुनि महेंद्र कुमार जी स्वामी तेरापंथ धर्मसंघ के विशिष्टतम संत थे। वे प्रकृति से सरल, सहज, विनम थे। वे नैसर्गिक प्रतिभा के धनी थे। मात्र 20 वर्ष की उम्र में आचार्य तुलसी के करकमलों से दीक्षित हुए थे। ग्रेजुएट अवस्था में यह तेरापंथ धर्मसंघ की प्रथम दीक्षा थी। उन्होंने जैन आगमों के अतिरिक्त अन्य दर्शनों का भी गहनतम अध्ययन किया।
वे आध्यात्मिक व वैज्ञानिक व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने प्रेक्षाध्यान, जीवन विज्ञान का भी तलस्पर्शी अध्ययन किया। उनकी प्रवचन शैली, समणने की कला व कार्य कुशलता विशेष थी। वे विनोदी स्वभाव के धनी थे। मुनिश्री ने कहा कि वे ज्ञानी संत थे। साधुचर्या में भी सहज थे। मुनिश्री विविध विशेषताओं के संगम थे। मुनि परमानंद जी ने कहा कि मुनि महेंद्र कुमार जी स्वामी तेरापंथ धर्मसंघ के विशिष्ट संत थे। मुनि कुणाल कुमार जी ने गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर तेरापंथी महासभा के मुख्य ट्रस्टी सुरेश गोयल, स्थानीय तेरापंथी सभा के अध्यक्ष हनुमानमल दुगड़, अभातेममं से रमण पटावरी, जैन दर्शन समिति के मंत्री सुशील चोरड़िया, तेरापंथी सभा-कोलकाता से बुद्धमल लुणिया सहित अनेक पदाधिकारीगण, सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। आभार ज्ञापन बालचंद्र दुगड़ ने किया। संचालन मुनि परमानंद जी ने किया।