आचार्य श्री तुलसी के 27वें महाप्रयाण दिवस के आयोजन

संस्थाएं

आचार्य श्री तुलसी के 27वें महाप्रयाण दिवस के आयोजन

सवाई माधोपुर
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मण्डल के निर्देशानुसार स्थानीय तेरापंथ महिला मण्डल आदर्शनगर (सवाई माधोपुर) द्वारा अणुव्रत अनुशास्ता गणाधिपति आचार्यश्री तुलसी की 27वीं पुण्यतिथि विसर्जन दिवस के रूप में महातपस्वी युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी की सुशिष्या साध्वीश्री पुण्यप्रभाजी ठाणा-4 के सानिध्य में बजरिया स्थित स्वाध्याय भवन में आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत साध्वीगण के मंगलाचरण से हुई। श्रावक श्राविकाओं ने परमपूज्य गुरुवर के प्रति अपनी श्रद्धासिक्त भावनाओं की प्रस्तुति दी। महिला मंडल की बहिनों ने सुमधुर गीतिका की प्रस्तुति दी। ज्ञानशाला के नन्हे मुन्नों ने गतिविधि आधारित भावपूर्ण संगान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर साध्वीश्री पुण्यप्रभा जी ने आचार्यश्री तुलसी के व्यक्तित्व व कृर्तत्व की चर्चा करते हुए उनके द्वारा दिये गए अवदानों की विस्तृत जानकारी दी। विसर्जन को जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण मंत्र बतलाते हुए साध्वीश्रीजी ने अर्जन से विसर्जन की दिशा में कदम बढ़ाने की प्रेरणा दी। महिला मंडल की मन्त्री सपना जैन ने भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। नन्हे मुन्नों को पुरस्कृत किया गया व महिला मंडल अध्यक्ष अनिता जैन ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन साध्वी निर्मलप्रभाजी ने किया। सायंकालीन सत्र में ‘कन्यादान क्यों?’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन साध्वी पुण्यप्रभाजी के सानिध्य में किया गया जिसमें महिला मंडल व कन्या मण्डल की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में चित्रा जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साध्वीश्रीजी ने विषय वस्तु से सम्बंधित महत्वपूर्ण विचाराभिव्यक्ति दी।