तेममं द्वारा वंश वृक्ष प्रतियोगिता का आयोजन

संस्थाएं

तेममं द्वारा वंश वृक्ष प्रतियोगिता का आयोजन

बोरावड
साध्वी प्रांजलप्रभाजी के सान्निध्य में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन एवं तेरापंथ महिला मंडल, बोरावड़ के तत्वावधान में तेरापंथ कन्या मंडल द्वारा ‘आओ बनाए परिवार का वंश वृक्ष प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण से किया गया। प्रतियोगिता में दस कन्याओं ने भाग लिया, जिन्होंने अपने-अपने परिवार की चार पीढियों का वंश वृक्ष बनाया। तेरापंथी सभा संरक्षक पृथ्वीराज गेलड़ा, तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्षा हर्षा चोरड़िया एवं मेघा देशपांडे ने निर्णायक की भूमिका निभाई। महिला मंडल उपाध्यक्षा प्रवीणा बोथरा एवं कन्या मंडल की सहसंयोजिका रुचि मेहता ने अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। साध्वी प्रांजलप्रभाजी ने अपने उद्बोधन में फ़रमाया-‘कैसे बच्चे अपने परिवार से अच्छी बाते सीख सकते हैं और अपने जीवन में उन्हें उतारकर जीवन को अच्छा बना सकते हैं। सभी कन्याएं प्रतियोगिताओं के माध्यम से ज्ञान का विकास करती रहें। कन्या मंडल जीवन में आध्यात्मिकता को आगे बढती रहें, यही मंगलकामना।’
कार्यक्रम का संचालन कन्या मंडल संयोजिका प्रज्ञा लूणिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका निभा रही मेधा देशपांडे ने निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि आज इस प्रकार की प्रतियोगिता को देखकर आत्मिक तोष की अनुभूति हो रही है। महिला मंडल परिवार के बारे में जानने का यह प्रयास सराहनीय है। जिस प्रकार वृक्ष सदियों तक फल देता है उसी प्रकार परिवार भी सहयोग से फलता-फूलता है। प्रतियोगिता का लक्ष्य कला को निखारना होता है। सबने अच्छा प्रयास किया है। प्रतियोगिता में प्रियंका गेलड़ा ने प्रथम, मुस्कान लुनिया ने द्वितीय व खुशी मेहता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के पश्चात सभी के द्वारा बनाये गये वंश वृक्ष की प्रदर्शनी लगायी गयी। सभी दर्शकों ने कन्या मंडल की कलाकृतियों को सराहा।