रिवाइवल कार्यशाला

संस्थाएं

रिवाइवल कार्यशाला

लाडनूं
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में रिवाइवल कार्यशाला के अंतर्गत पुरानी पांच ढ़ालों का पुनरावर्तन वृद्ध सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभाजी के सान्निध्य में प्रतियोगिता के रूप में करवाया गया। नमस्कार महामंत्र व प्रेरणा गीत के द्वारा कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। तेरापंथ महिला मंडल की बहिनों द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। वृद्ध सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभाजी ने फरमाया कि इस कार्यशाला के माध्यम से पुरानी ढ़ालों में वर्णित धर्मसंघ के आस्थासिक्त चमत्कारों को जानने और समझने का अवसर तो प्राप्त होता ही है, साथ ही उनको याद करके प्रतिदिन आस्था के साथ संगान करने से हमारे जीवन में भी सकारात्मक प्रभाव हो सकता है।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में संरक्षिका संतोष बैद व पूर्व उपाध्यक्ष राज का सहयोग रहा। साध्वी नव्यप्रभाजी के अथक प्रयास से प्रतियोगिता बहुत ही व्यवस्थित रूप से आयोजित हुई। प्रतियोगिता पांच राउंड में आयोजित हुई। पांच-पांच बहिनों के तीन ग्रुप बने। जिनका नाम रखा गया- ज्ञान, दर्शन, चारित्र। कार्यक्रम का संयोजन निवर्तमान मंत्री नीता नाहर ने किया। आभार प्रचार-प्रसार मंत्री मीनाक्षी चोरडिया ने किया। पदाधिकारीगण, कार्यसमिति बहिनों व सदस्य बहिनों की अच्छी उपस्थिति रही।