कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

संस्थाएं

कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

शाहदरा, दिल्ली।
साध्वी अणिमाश्री जी के सान्निध्य में ओसवाल भवन में तेरापंथी सभा, शाहदरा के तत्त्वावधान में कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यशाला एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित हुआ। साध्वी अणिमाश्री जी ने ‘सफल कार्यकर्ता कौन?’ इस विषय पर कहा कि किसी भी सभा-संस्था को संचालित करने एवं उसे शिखर तक पहुँचाने का काम कार्यकर्ताओं का होता है। कार्यकर्ता हजारों हो सकते हैं, किंतु सफल कार्यकर्ता वो होता है, जो समय का नियोजन सम्यक् ढंग से करता है, अपने कीमती समय का उपयोग संस्था-विकास के लिए करता है, जो स्वार्थ को छोड़कर पर के लिए खपता है, तपता है एवं पसीना बहाता है, जो मधुरभाषी, मितभाषी, मृदुभाषी होता है, मधुर वाणी के द्वारा दूसरों के दिल को जीत सकता है। मृदुभाषी सबका सम्मान प्राप्त करता है। अपेक्षा है हर सभा-संस्था के कार्यकर्ता इन गुणों से संपन्न बनकर अपने संगठन को अगणित ऊँचाइयाँ प्रदान करे।
साध्वीश्री जी ने कहा कि सभा द्वारा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने अपने समय का योग दिया है। उनका मूल्यांकन सभा द्वारा हुआ है। लेकिन सम्मान प्राप्त हर कार्यकर्ता का दायित्व बढ़ गया है। साध्वी डॉ0 सुधाप्रभा जी ने कहा कि सफल कार्यकर्ता वह होता है जो मननशील, चिंतनशील, श्रमशील, सहनशील एवं चरित्रशील हो। साध्वी मैत्रीप्रभा जी ने मंच संचालन करते हुए कार्यकर्ता के गुणों का सुंदर चित्रण किया। साध्वी समत्वयशा जी ने गीत का संगान किया। साध्वी कर्णिकाश्री जी ने विचार रखे। सभाध्यक्ष पन्नालाल बैद, ओसवाल समाज के अध्यक्ष आनंद बुच्चा एवं कटक से समागत निहारिका सिंघी ने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सभा द्वारा अनेक चातुर्मासिक सहयोगियों एवं अनेकों कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।