तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

सुजानगढ़

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार सुजानगढ़ तेरापंथ महिला मंडल ने नारी सशक्तिकरण पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भूतोडिया चौक पर दी। ‘शासनश्री’ साध्वी सुप्रभा जी एवं साध्वी संघप्रभा जी के सान्निध्य में तेरापंथ सभा भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र से हुई। स्थानीय अध्यक्ष राजकुमारी भूतोड़िया ने सबका स्वागत करते हुए महिला दिवस की बधाई दी। मंडल की बहिनों ने प्रेरणा गीत का संगान किया। महिला मंडल व कन्या मंडल ने नारी सशक्तिकरण पर लघु नाटिका के द्वारा प्रस्तुति दी। विशिष्ट अतिथियों का साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया। प्रतिपक्ष नेता जयश्री दाधीच ने बहुत ही सुंदर तरीके से महिला सशक्तिकरण के बारे में अपने विचार प्रस्तुत किए। साध्वी मनीषाश्री जी ने बताया कि नारी सशक्तिकरण यानी महिलाओं में आध्यात्मिक, राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक शक्ति में वृद्धि करना है। तत्पश्चात गोपालपुर सरपंच एडवोकेट सविता राठी ने महिलाओं को जागरुक करते हुए बताया कि हम महिलाएं भी किसी से कम नहीं हैं। धर्म और कर्म के साथ-साथ हमें अपने संस्कारों के साथ भी जुड़े रहना चाहिए। साध्वी संघप्रभा जी ने बड़े ही रोचक तरीके से महिला सशक्तिकरण को समझाया। महिला दिवस पर डॉक्टर जयश्री सेठिया को प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया गया। डॉ जयश्री सेठिया ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री डॉ पूजा फूलफगर एवं आभार ज्ञापन उपमंत्री निशा डोसी ने किया।