तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

टिटिलागढ़

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार तेरापंथ महिला मंडल टिटिलागढ़ ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। नमस्कार महामंत्र से कार्यक्रम का प्रारंभ हुआ। महिला मंडल ने प्रेरणा गीत का संगान किया। महिला मंडल की अध्यक्षा बबीता जैन ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि महिला दिवस मनाने का उद्देश्य है कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। आज के कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्मकुमारी मनीषा ने कहा देश को सशक्त बनाने के लिए नारी का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है, इसके लिए हमें एक दूसरे का सहयोग एवं सम्मान करना चाहिए। आज हर नारी अपने आप को बदलने का संकल्प ले। इस अवसर पर स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष जुझारू एवं सेवाभावी नेता ममता जैन को प्रेरणा सम्मान से अध्यक्षा बॉबी जैन ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर ममता जैन ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मुझे गर्व है कि मैं एक नारी हूं और मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि आज बहिनें हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। टिटलागढ़ तेरापंथ महिला मंडल की बहनों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर “नारी एक रूप अनेक” नाटक प्रस्तुत किया गया। महिला दिवस के कार्यक्रम में भी बहिनों ने इस नाटक की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी मनीषा का सम्मान किया गया। रिमझिम जैन को विशेष सहयोग देने के लिए पुरस्कृत किया गया। आज के इस भव्य कार्यक्रम में मारवाड़ी महिला समिति एवं प्रगति शाखा की बहने भी उपस्थित थी। कार्यक्रम का कुशल संचालन खुशबू जैन ने किया।