तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

जयपुर

‘शासनगौरव’ साध्वी कनकश्री जी के सान्निध्य में राजस्थान की माननीया उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी जी के विशिष्ट आतिथ्य में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जैन श्वतेतांबर तेरापंथ महिला मंडल जयपुर शहर की ओर से मालवीय नगर स्थित अणुविभा केंद्र में एंपावरमेंट वूमेनहुड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा- नारी का सम्मान करना हमारे देश की सदियों पुरानी परंपरा है। देश का विकास महिलाओं के विकास के बिना संभव नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के विकास हेतु अनेक निर्णय लिए गए हैं। महिलाओं की प्रगति में सहयोगी योजनाएं व कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में सान्निध्य प्रदान कर रहीं साध्वीजी का अभिनंदन किया। तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री नीलिमा बैद ने दीयाकुमारी के व्यक्तित्व और कर्तृत्व का परिचय दिया। इस अवसर पर साध्वी कनकश्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि यह गौरव का विषय है दियाकुमारी जी जैसी महिला प्रतिभा उपमुख्यमंत्री के रूप में राजस्थान राज्य की सेवा समर्पित भाव से कर रही हैं। महात्मा गांधी ने भी कहा था कि महिलाओं की लीडरशिप जहां होती है, वह सफल होती है। महिलाओं में लीडरशिप की अद्‌भूत क्षमता है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी एक महिला हैं। अपेक्षा है महिलाएं अपनी अगली पीढी को शिक्षित और संस्कारी बनाकर राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करें। महिलाओं की बहुआयामी प्रतिभा और क्षमताओं का जिक्र करते हुए साध्वीश्री ने कहा- आज वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सफलता का परचम फहरा रही हैं।
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा ने तेरापंथ महिला मंडल की बहुआयामी प्रवृत्तियों की जानकारी दी और कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए ‘प्लास्टिक रिसाइकिल मशीन’ का वितरण किया जा रहा है। साथ में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सिलाई मशीन, आटा चक्की तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने वाले उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। महिलाओं ने महिला जागृति और प्रेरणा गीत की प्रस्तुति दी। महिला सशक्तीकरण का एक भव्य नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लखेसरा सांगानेर सिटी, जयपुर की प्रधानाचार्य रीटा कोठारी को तेरापंथ महिला मंडल जयपुर शहर की ओर से प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया। तेरापंथ महिला मंडल जयपुर की अध्यक्षा नीरु मेहता ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। मंत्री नीलिमा बैद ने आभार ज्ञापन किया। प्रेम निकेतन स्कूल वाइस प्रेसीडेंट आशा नीलू टाक, वासुपूज्य महिला मंडल अध्यक्ष मधु बोरड, पार्श्व पद्‌मावती स्नात्र महिला मंडल अध्यक्ष रेखा जैन, मेट्रो जेएजी संगिनी ग्रुप की सेक्रेटरी रेखा पाटनी, नारी कभी न हारी संस्था की संस्थापक वीणा चौहान, अनिला कोठारी आदि की विशेष उपस्थिति रही।