आचार्य श्री महाश्रमण जैसी गुणवत्ता हम सबमें हो समाहित

संस्थाएं

आचार्य श्री महाश्रमण जैसी गुणवत्ता हम सबमें हो समाहित

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में साउथ कोलकाता महिला मंडल द्वारा कला मन्दिर सभागार में 'महाश्रमणोस्तु मंगलम् कार्यक्रम पूरे बंगाल स्तर पर आयोजित किया गया। तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशम् अधिशास्ता युगप्रधान आचार्य महाश्रमणजी के दीक्षा के पचास वर्ष परिपूर्ण होने के अवसर पर गुरू की अभिवंदना हेतु देश भर में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका शुभारंभ कोलकाता में उनके सुशिष्य मुनि जिनेश कुमार जी की पावन सन्निधि में आयोजित हुआ।
wकार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा थीं। बंगाल के सर्वश्रेष्ठ दैनिक समाचार पत्र सन्मार्ग की अध्यक्ष रूचिका गुप्ता ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए 'महाश्रमणोस्तु मंगलम्' लोगो का अनावरण किया। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा ने गुरू की अभिवन्दना करते हुए कहा हमें आचार्य महाश्रमणजी की जीवन शैली से प्रेरणा लेनी चाहिए और गुरू इंगित अनुसार जीवन को नैतिकता, सदभावना व नशामुक्ति की ओर अग्रसर करना चाहिए। महामंत्री नीतू ओस्तवाल ने आचार्य महाश्रमणजी की पुस्तक “आओ हम जीना सीखें” पर प्रकाश डाला व समीक्षात्मक रूप से व्याख्या करते हुए व्यक्तित्व विकास के सूत्र बताए। कार्यक्रम की राष्ट्रीय संयोजिका डॉ. सूरज बरड़िया ने देश भर में होने वाले इस विराट कार्यक्रम की संयोजना करते हुए आचार्य महाश्रमण के आदर्शों व संयम पर्याय के 50 वर्षों की उपलब्धियों का बहिनों के द्वारा चित्रण करवाया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सह संयोजिका कुमुद कच्छारा ने साध्वीप्रमुखा श्री विश्रुतविभा जी के संदेश का वाचन किया। मुनि जिनेश कुमार जी ने कहा कि आचार्य महाश्रमणजी की गुणवत्ता हम सब में समाहित हो उनकी आचारनिष्ठा, संघनिष्ठा, मर्यादानिष्ठा, विनम्रता, सहनशीलता के गुण सम्पूर्ण श्रावक समाज में आए।
पर्यावरण संरक्षण अभियान के अन्तर्गत प्लास्टिक रिसाइकलिंग मशीन का औपचारिक लोकार्पण किया गया, जिसे तेरापंथ भवन साउथ कोलकाता में लगाया जाएगा। तत्पश्चात सुप्रसिद्ध युवा संगायक ऋषि दुगड़ और सुप्रसिद्ध युवा संगायिका अभिलाषा बांठिया ने गुरु अभिवंदना में मधुर स्वर लहरी बिखेरी जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। साउथ कोलकाता महिला मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन संयोजिका डॉ. पुखराज सेठिया, अनुपमा नाहटा व बबीता भुतोड़िया ने किया। साउथ कोलकाता की अध्यक्ष पद्मा कोचर ने सभी का स्वागत किया एवं सह-संयोजिका उर्मिला दूगड़ ने आभार ज्ञापित किया।