गुजरात स्तरीय महाश्रमणोस्तु मंगलम् का भव्य कार्यक्रम

संस्थाएं

गुजरात स्तरीय महाश्रमणोस्तु मंगलम् का भव्य कार्यक्रम

सरदार पटेल ऑडिटोरियम शाहीबाग में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में ते.म.मं अहमदाबाद द्वारा युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के 50वें दीक्षा कल्याण महोत्सव के पावन अवसर पर गुजरात स्तरीय महाश्रमणोस्तु मंगलम् कार्यक्रम की शुभ शुरुआत नमस्कार महामंत्र के साथ 'शासनश्री' साध्वी सरस्वतीजी के पावन सान्निध्य में हुई। प्रथम चरण में कैंसर जागरूकता अभियान के तहत गुजरात कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट के सहयोग से मैमोग्राफी टेस्ट का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा, महामंत्री नीतू ओस्तवाल आदि की गरिमामय उपस्थिति में संरक्षिका प्रकाश देवी तातेड के द्वारा किया गया। स्थानीय अध्यक्ष हेमलता परमार और पूरी टीम की उपस्थिति रही। गुजरात कैंसर इंस्टीट्यूट से डिप्टी डायरेक्टर डॉ. प्रीति सिंघवी, डॉ. रोहिणी ने अपनी टीम के साथ उपस्थित होकर मैमोग्राफी टेस्ट किया। अवेयरनेस का यह कार्य पूरे वर्ष भर महिला मंडल अहमदाबाद द्वारा नि:शुल्क किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहमंत्री सुमन कोठारी एवं पूर्व मंत्री अनिता कोठारी का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में साध्वीप्रमुखाश्री विश्रुतविभाजी के संदेश का वाचन कार्यक्रम राष्ट्रीय सह संयोजिका कुमुद कच्छारा ने, गुजरात के राज्यपाल श्री एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन तेममं अहमदाबाद उपाध्यक्ष सुशीला खतंग, सहमंत्री सुमन कोठारी ने किया। सुमधुर गायिका जिज्ञासा व निष्ठा ने स्वर लहरी से वातावरण को महाश्रमणमय बना दिया। गुरू अभ्यर्थना में अहमदाबाद कन्या मंडल व महिला मंडल द्वारा महाश्रमण अष्टकम् की प्रस्तुति की गई। महाश्रमणोस्तु मंगलम् लोगो का अनावरण अ.भा.ते.म.म राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा, महामंत्री नीतू ओस्तवाल, मुख्य अतिथि अहमदाबाद महापौर प्रतिभा जैन, मुख्य वक्ता डॉ. महावीर गोलेच्छा आदि द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गुजरात स्तर से 15 महिला मंडल, विभिन्न संघीय संस्थाओं के अध्यक्ष एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति एवं स्थानीय अध्यक्ष हेमलता परमार एवं उनकी पुरी टीम अन्य 36 सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की गरिमामय उपस्थिति रही। गुरू की यशोगाथा एवं अनुशासना को उजागर करने वाली 'सवाल अंबर से जवाब धरती के' मंत्रमुग्ध करने वाली भावविभोर प्रस्तुति ते.म.मं अहमदाबाद की युवती बहिनों द्वारा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा के विशेष उद्गारों ने उपस्थित जनमेदिनी को भावविभोर कर दिया।
अहमदाबाद की सम्पूर्ण टीम के अथक श्रम को सराहते हुए उन्होंने कहा कि महिला शक्ति द्वारा गुरु अभ्यर्थना पर 'महाश्रमणोस्तु मंगलम्' की यात्रा पूरे देश में तेरापंथ धर्म संघ का परचम लहराये ऐसी कामना करती हूँ। आज के स्वर्णिम अवसर पर गुरु दृष्टि अनुसार तप की भेंट चढ़ाने का आह्वान किया। महाश्रमणोस्तु मंगलम् कार्यक्रम की राष्ट्रीय संयोजिका सूरज बरड़िया ने कहा कि ऐसे लग रहा है कि तेरापंथ के दिव्य दिवाकर साक्षात यहाँ विराजमान हैं। महामंत्री नीतू ओस्तवाल ने आचार्य महाश्रमण जी के साहित्य 'जीने की कला' का परिचय प्रस्तुत किया। आपने कहा महाश्रमण साहित्य संपूर्ण मानव जाति को जीवन जीने की कला सिखाता है। गुरु का साहित्य हम सब के लिए कल्याणकारी है। डॉ. महावीर गोलेच्छा ने आचार्य महाश्रमण जी की पुस्तक 'सुखी बनो' पर सुन्दर और सरल भाषा में विवेचन कर गुरू अभ्यर्थना में अपने विचार व्यक्त किए ।
कन्या मंडल द्वारा आचार्य श्री महाश्रमण जी पर एक रोचक प्रदर्शिनी लगाई गई एवं जीवन झांकी प्रस्तुति की गई। कन्या मंडल राष्ट्रीय प्रभारी अदिति सेखानी ने अपने विचार व्यक्त किये। गुजरात स्तरीय 15 क्षेत्रों से समागत महिला मंडल का राष्ट्रीय अध्यक्ष, स्थानीय अध्यक्ष एवं पदाधिकारी द्वारा सम्मान किया गया। अहमदाबाद से विभिन्न अन्य 36 सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की उपस्थिति विशेष उल्लेखनीय रही। इस स्वर्णिम पल को यादगार बनाने में ते.म.मं अहमदाबाद द्वारा भावना चौका को अनुदान, 2 अट्ठाई तप की भेंट राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदान की गई। एक वर्ष तक लगातार प्रतिदिन 3 एकलठाणा एवं 17 अप्रैल को एक दिन सामूहिक एकलठाणा के संकल्प पत्र भरवाए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय संरक्षिका, परामर्शकगण, पदाधिकारी, कार्यसमिति, कन्या मंडल आदि का पूर्ण सहयोग रहा। आभार संगठन मंत्री रेखा धुपिया ने किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री बबीता भंसाली ने किया। लगभग 1000 भाई बहिनों की सहरानीय उपस्थिति ने इस कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये। तृतीय चरण में मंडल द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत Solution to Plastic Pollution अभियान के अंतर्गत राजस्थान हॉस्पिटल में प्लास्टिक रीसाइकलिंग मशीन का उद्घाटन किया गया।