आचार्यश्री महाश्रमण जी के दीक्षा कल्याण वर्ष की सम्पन्नता पर िवविध आयोजन

संस्थाएं

आचार्यश्री महाश्रमण जी के दीक्षा कल्याण वर्ष की सम्पन्नता पर िवविध आयोजन

अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य महाश्रमण के 'दीक्षा कल्याण महोत्सव' के उपलक्ष्य में 'अनुशास्ता अभिवन्दना समारोह' अणुव्रत विश्व भारती के तत्वावधान में अणुव्रत समिति लाडनूं द्वारा सेवा केन्द्र व्यवस्थापिका साध्वी प्रमिलाकुमारीजी के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की मंगल शुरुआत कन्या मण्डल के मंगलाचरण के साथ हुई। इसके बाद अणुव्रत समिति की महिला शक्ति ने अणुव्रत गीत के संगान द्वारा कार्यक्रम में नया जोश भर दिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए विद्वान साहित्यकार प्रो. आनन्द प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि आचार्यश्री विरल व्यक्तित्व के धनी हैं, उनकी जितनी अभिवन्दना करें कम है। साध्वी आस्थाश्रीजी ने कहानी के माध्यम से अपनी अभिवन्दना गुरुचरणों में समर्पित की। साध्वी रोहिणीप्रभाजी ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हम एकादशम् अधिशास्ता आचार्य महाश्रमण के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहे हैं।
इसी क्रम में समणी नियोजिका अमलप्रज्ञाजी और समणी कुसुमप्रज्ञाजी ने भी अपने भाव व्यक्त किये। कार्यक्रम में महिला मंडल मंत्री राज कोचर, अभातेयुप की ओर से राजेंद्र खटेड़ एवं महिला मंडल कोषाध्यक्ष हेमा मोदी ने भी अपने भावों की अभिव्यक्ति दी। अणुव्रत समिति संरक्षक शांतिलाल बैद ने स्वागत वक्तव्य के द्वारा अपनी भावना व्यक्त की। साध्वी प्रमिलाकुमारीजी ने अपने उद्गार व्यक्त किये। कार्यक्रम का सफल संयोजन व आभार अणुव्रत समिति की उपाध्यक्ष सपना भंसाली ने किया। कार्यक्रम में अणुव्रत समिति के मंत्री अब्दुल हमीद मोयल, संस्थाओं के पदाधिकारी व सदस्यगण की उपस्थिति रही।