तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

संस्थाएं

तेरापंथ महिला मंडल के विविध आयोजन

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार तेरापंथ महिला मंडल कोयंबटूर द्वारा 'महाश्रमणोस्तु मंगलम' कार्यशाला आयोजित की गई। प्रेक्षा प्रणेता आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी की वार्षिक पुण्यतिथि के अवसर आयोजित इस कार्यशाला से पहले सभी बहनों ने 'ओम् श्री महाप्रज्ञ गुरवे नमः' मंत्र का जाप किया । कार्यशाला का शुभारम्भ महाश्रमण अष्टकम॒ द्वारा ज्ञानशाला की वरिष्ठ प्रशिक्षिका रूपकला भंडारी द्वारा किया गया। कार्यशाला में उपस्थित सभी बहनों का स्वागत मंडल कोषाध्यक्ष सुमन सेठिया ने किया। प्रेरणा गीत का मधुर संगान मंडल की बहनों ने किया। रेखा मरोठी ने आचार्य प्रवर की अभ्यर्थना में एक सुमधुर गीत समर्पित किया। उपाध्यक्ष सुशीला बाफना ने आठ संपदाओं के विषय में जानकारी दी। आचार्य संपदा व श्रुत संपदा को बहुत ही सुंदर व सरल तरीके से विश्लेषित किया। तत्पश्चात आचार्यश्री महाश्रमण जी की पुस्तक 'परम सुख का पथ' पर एक प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंत में आभार ज्ञापन मंडल की मंत्री सुमन सुराणा ने किया। कार्यशाला का संचालन उपाध्यक्ष सुशीला बाफना ने किया।