महाश्रमणोस्तु मंगलम् का सामूहिक आयोजन

संस्थाएं

महाश्रमणोस्तु मंगलम् का सामूहिक आयोजन

मुनि जिनेश कुमार जी ठाणा 3 के सान्निध्य में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा निर्देशित 'महाश्रमणोस्तु मंगलम्' का सामूहिक आयोजन उत्तर हावड़ा तेरापंथ भवन में तेरापंथ महिला मंडल उत्तर हावड़ा, दक्षिण हावड़ा, मध्य कोलकाता, बेहाला, हिंदमोटर, बाली-बेलूर, रिसड़ा महिला मंडलों की सहभागिता के साथ हुआ। इस अवसर पर मुनि जिनेशकुमार जी ने कहा - आचार्यश्री महाश्रमणजी प्रज्ञा के उत्तुंग शिखर हैं, अलौकिक शक्ति के पुंज हैं, नैसर्गिक प्रतिभा के धनी, सूक्ष्मद्रष्टा, प्रौढ़‌ चिंतक एवं प्रबल पुरुषार्थी हैं। वे समता व करुणा के निर्झर तथा मानवता के मसीहा हैं। मुनि जिनेशकुमार जी ने आचार्य की आठ सम्पदाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा- शास्त्रों में आचार्य के लिए आठ सम्पदाओं का विधान किया गया है। वे आठ सम्पदाएँ क्रमशः आचार सम्पदा, श्रुत सम्पदा, शरीर संपदा, वचन संपदा, वाचना संपदा, मति संपदा, प्रयोग संपदा, संग्रह परिज्ञा संपदा के रूप में उल्लिखित हैं। आचार्यश्री महाश्रमण जी में सभी संपदाएं समाहित हैं।
महाश्रमणोस्तु मंगलम् की आयोजना आचार्य के प्रति श्रद्धा-भक्ति प्रकट करने अवसर है। इस अवसर पर मुनि कुणाल कुमार जी ने सुमधुर गीत का संगान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संभागी महिला मंडलों के सदस्यों द्वारा सामूहिक महाश्रमण अष्टकम् के मंगल संगान से हुआ। स्वागत भाषण उत्तर हावड़ा ते.म.म. की अध्यक्षा सुजाता दुगड़ ने दिया। रेखा बैंगानी, महिमा कोठारी, बबीता छोरिया, कनक बरड़िया, सुनीता संचेती ने निर्धारित विषयों पर वक्तव्य प्रस्तुत किया। तेरापंथ महिला मंडल उत्तर हावड़ा एवं तेरापंथ महिला मंडल बेहाला की सदस्याओं ने सुमधुर गीत का संगान किया। आभार ज्ञापन उत्तर हावड़ा तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री रेणु समदरिया ने व कार्यक्रम का संचालन मुनि परमानंद जी किया।
‘सम्पन्न बनो’ पुस्तक पर आधारित प्रश्नमंच प्रतियोगिता में उत्तर हावड़ा, दक्षिण हावड़ा, पूर्वांचल, मध्य कोलकाता, बेहाला एवं बाली-बेलूर के महिला मंडलों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान मध्य कोलकाता महिला मंडल के ग्रुपों ने व तृतीय स्थान उत्तर हावड़ा महिला मंडल के ग्रुप ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का संचालन मुनि परमानंद जी ने किया। तेरापंथ महिला मंडल उत्तर हावड़ा द्वारा विजेताओं को पारितोषिक देकर पुरस्कृत किया गया।