आंचलिक प्रबुद्ध महिला सेमिनार का आयोजन

संस्थाएं

आंचलिक प्रबुद्ध महिला सेमिनार का आयोजन

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में साध्वीप्रमुखाश्री विश्रुतविभाजी के सान्निध्य में तेरापंथ महिला मंडल, जलगांव द्वारा खान्देश स्तरीय आंचलिक प्रबुद्ध महिला सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मंगल शुरुआत प्रेरणा गीत के संगान द्वारा की गई। मंडल की बहनों द्वारा अतिथियों के स्वागत में सुमधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। साध्वीप्रमुखाश्री विश्रुतविभाजी ने अपने मंगल उद्बोधन में कहा कि महिलाएं समस्याओं से जूझकर आगे बढ़ रही हैं और आगे बढ़कर अपने साथ अपने कुल का व समाज का नाम रोशन कर रही हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा ने कहा कि हर संदर्भों व परिस्थितियों में हम सशक्त व सबल तभी होंगे जब हम अपने वास्तविक स्वरूप को सुरक्षित व संरक्षित रखते हुए विकास के पायदानों पर पदचिन्ह अंकित करेंगे। हमें आधुनिकता के साथ-साथ संस्कारी भी बनना होगा, तभी प्रबुद्ध महिला बन पाएंगे। ट्रस्टी कनक बरमेचा ने अपने विचार व्यक्त किए। जलगांव महिला मंडल अध्यक्षा निर्मला छाजेड़ ने अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय नेतृत्व एवं उनकी पूरी टीम, अतिथियों, खान्देश के 19 क्षेत्रों से पधारी हुई सैंकड़ों बहनों तथा जलगांव की प्रबुद्ध महिलाओं का स्वागत कर कहा कि नारी जाति के उन्नायक आचार्य श्री तुलसी ने नारी उत्थान के वो शाश्वत आयाम स्थापित कर दिए कि आज बड़े-बड़े आयोजन और कार्य प्रबंधन में तेरापंथ महिला समाज पूरी तरह से सक्षम है।
महामंत्री नीतू ओस्तवाल एवं कोषाध्यक्ष तरुणा बोहरा ने मॉडरेटर की भूमिका निभाते हुए टॉक शो के माध्यम से महिलाओं की भारतीय समाज में बदलती भूमिका, करियर के साथ पारिवारिक भूमिकाओं का संतुलन, महिला उद्यमियों की संख्या में वृद्धि, सांस्कृतिक अपेक्षाओं और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन, राजनीतिक पदों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढाना, गैर-पारंपरिक करियर की ओर झुकाव, भारत के विकास में महिलाओं के योगदान, महिला आरक्षण आदि अनेकों महत्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जलगांव लोकसभा सांसद स्मिता वाघ की उपस्थित रही। मुख्य अतिथि एवं पैनलिस्ट के रूप में मुंबई से मानसी ठक्कर उपस्थित थी। वर्षा चौरडिया एवं शिल्पा सेठिया द्वारा मंच संचालन किया गया। खानदेश से पधारे हुए सभी क्षेत्रों की महिला मंडलों को सर्टिफिकेट द्वारा सम्मानित किया गया।