विभिन्न संस्थाओं का शपथ ग्रहण कार्यक्रम समारोह

संस्थाएं

विभिन्न संस्थाओं का शपथ ग्रहण कार्यक्रम समारोह

साध्वी उदितयशाजी ठाणा 4 के सान्निध्य में तेरापंथ युवक परिषद् बेंगलुरु की नव गठित टीम का शपथ ग्रहण समारोह चामराजपेट, बेंगलुरु में आयोजित किया गया। साध्वीवृंद के नमस्कार महामंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। निवर्तमान अध्यक्ष रजत बैद ने स्वागत वक्तव्य के साथ अपने कार्यकाल में हुए कार्यों की झलक प्रस्तुत की एवं गणमान्य व्यक्तियों को सत्र 2023-24 का प्रगति प्रतिवेदन भेंट किया। अभातेयुप के पूर्व अध्यक्ष विमल कटारिया ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन करवाया। युवा शक्ति ने सामूहिक विजय गीत का संगान किया। जैन संस्कार विधि से मंगल मंत्रोच्चार के साथ शपथ विधि की शुरुआत परिषद के संस्कारकों ने संपादित करवाई। निवर्तमान अध्यक्ष रजत बैद ने नव मनोनीत अध्यक्ष विमल धारीवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अध्यक्ष विमल धारीवाल ने अपनी टीम की घोषणा कर उन्हें शपथ ग्रहण करवाई।
साध्वी उदितयशा जी ने युवकों को संघपति के प्रतिपूर्ण समर्पित होकर कार्य करने, कार्यकाल की त्यागमय शुरुआत करने एवं एक-दूसरे से सीखने की प्रेरणा दी। साध्वी संगीतप्रभा जी ने युवकों को संगठित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हुए गीत का संगान किया। अभातेयुप पूर्व अध्यक्ष विमल कटारिया, प्रबुद्ध विचारक दिनेश पोखरणा, शाखा प्रभारी अमित दक, तेरापंथ सभा अध्यक्ष पारसमल भंसाली, महिला मंडल अध्यक्षा रिजु डूंगरवाल ने शुभकामना स्वर प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन मंत्री राकेश चोरड़िया एवं रोहित कोठारी ने किया।